रुद्रपुर रिंग रोड पर सांसद अजय भट्ट का निरीक्षण — जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति, विकास को मिलेगी रफ्तार

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने शहर की बहुप्रतीक्षित निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और निर्धारित समयसीमा को लेकर नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्पष्ट कहा कि रुद्रपुर की यह रिंग रोड परियोजना आने वाले समय में शहर के लिए “गेम चेंजर” साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसके पूर्ण होते ही शहर को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों का आवागमन शहर के बाहर से होने लगेगा, जिससे दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि सिडकुल क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान कर आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।
सांसद अजय भट्ट ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना को तय समयसीमा में पूरा किया जाए और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
मौके पर मौजूद एसडीएम मनीष मिश्रा ने प्रशासनिक और भूमि से जुड़े पहलुओं की जानकारी साझा की।
सांसद ने इस परियोजना को भाजपा सरकार की विकासपरक सोच का प्रतीक बताते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर जनहित की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतार रही हैं।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, विपिन जल्होत्रा, प्रीत ग्रोवर सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

