तीखा राजनीतिक टकराव: बलवंत अरोड़ा की राहुल गांधी से मुलाकात तय, ठुकराल के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर: रुद्रपुर की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवंत राय अरोड़ा ने पुष्टि की है कि वह जल्द ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात अप्रैल के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है और इसके लिए समय भी मिल चुका है।
बताया जा रहा है कि इस मुलाकात की कड़ी उनके पुराने सहपाठी से जुड़ी है, जो बिहार सरकार में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के रूप में सेवा दे चुके हैं। उसी माध्यम से यह संपर्क स्थापित हुआ है।
इधर, बलवंत अरोड़ा लगातार कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर हमलावर बने हुए हैं। उन्होंने ठुकराल पर महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल, मुस्लिम विरोधी बयानबाजी और कांग्रेस विरोधी सोच जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
अरोड़ा ने साफ कहा है कि वह इन सभी मुद्दों को राहुल गांधी के सामने विस्तार से रखेंगे, ताकि पार्टी नेतृत्व को पूरी सच्चाई से अवगत कराया जा सके।
उनके बयान से यह भी स्पष्ट है कि वह इस मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। अरोड़ा ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है और रुद्रपुर की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।

