साइबर अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 24 घंटे में 24 मुकदमे दर्ज

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर : ऊधमसिंहनगर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 24 अभियोग दर्ज कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी फर्जी सिम कार्ड के माध्यम से म्यूल बैंक खातों का संचालन कर लोगों से ठगी की रकम विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर रहे थे। इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर जांच तेज कर दी गई है।
अभियान के दौरान अब तक सैकड़ों संदिग्ध म्यूल खातों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से कई खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। हेली बुकिंग फ्रॉड, फर्जी वेबसाइट, कॉल सेंटर ठगी और पेंशन फ्रॉड जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए विशेष रणनीति लागू की गई है।
जनपद के गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर, नानकमत्ता, दिनेशपुर, रुद्रपुर, जसपुर और किच्छा थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और निगरानी की जा रही है।
🗣️ एसएसपी बोले
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि साइबर अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाले और फर्जी सिम के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

