ऑरेंज अलर्ट का असर: ऊधमसिंह नगर में 20 जुलाई को नर्सरी से 12वीं तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी बंद

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने ऊधमसिंह नगर में सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, परिषदीय एवं निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार, 20 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण जनपद की नदियों, नालों और बरसाती जलधाराओं का जलस्तर बढ़ने तथा संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए छात्रहित और बाल्यहित में यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि मौसम को देखते हुए बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

