500 CCTV खंगालकर पुलिस ने दबोचे शातिर चोर — लाखों के जेवर, नकदी और बाइक बरामद

खबरीलाल खोज (मनीश बावा) किच्छा: ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का सनसनीखेज खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, चोरी में प्रयुक्त बाइक और अन्य सामान बरामद किया है। मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित टीम ने लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद किया।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल 2026 की रात किच्छा की आवास विकास कॉलोनी स्थित एक बंद मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। मामले में 20 अप्रैल को थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्रों में लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सितारगंज के केशवनगर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी बहेड़ी हाल निवासी सितारगंज, अकील अहमद निवासी खटीमा तथा दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम चांदी के जेवर, ₹3,00,485 नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नकब लगाने का उपकरण, एफजेड यामाहा बाइक, बैग और अन्य सामान बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कुछ चोरी के जेवर शाहजहांपुर क्षेत्र के सुनारों को बेचने की बात स्वीकार की है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने मामले में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

